CBSE Class 10 Hindi Question Paper 2025 (3/1/1) with Solutions
The complete CBSE Class 10 Hindi board paper of 2025, Q.P. code 3/1/1: all 15 questions exactly as set, with marks. 21 solutions are free below. The Class 10 Hindi Course A PYQ Book: Solved Board Papers 2025-2026 (CBSE) solves all 2 papers in full and sorts every question chapter-wise.
Question paper
Jump to: Question paperSolutions
2025 · Q.P. Code 3/1/1
Maximum marks: 80
खंड 'क' : अपठित बोध
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर लिखिए :
दिनकर जी ने माना है कि उन पर प्रारम्भ से ही जितना प्रभाव रवीन्द्रनाथ ठाकुर का रहा उतना ही मोहम्मद इकबाल का । बाद में इलियट की काव्य-शैली और विचार-दृष्टि ने उनके कवि मानस को छूकर दूर भीतर तक उन्मथित कर दिया । परिणामत: उनकी कविताओं ने एक नई भंगिमा को ग्रहण किया ।
दिनकर जी अपने युग के एक प्रमुख कवि ही नहीं, सफल और प्रभावपूर्ण गद्य लेखक भी थे । सीधी-सरल भाषा और अत्यन्त प्रांजल शैली में उन्होंने विभिन्न साहित्यिक विषयों पर निबन्ध भी दिए हैं, तो बोधकथा, डायरी-संस्मरण भी, और दर्शन-इतिहासगत तथ्यों के विवेचन भी ।
'दिनकर' जी जीवन भर संघर्षरत रहे । साहित्य और राजनीति दोनों के बीच उनका मन रमता था और इन दोनों ही क्षेत्रों में उनको सफलता मिली । साहित्य जगत द्वारा प्रदत्त ज्ञानपीठ पुरस्कार ने दिनकर जी को प्रफुल्लित कर दिया । उनके अन्तरंग मित्रों को यह ज्ञात है कि ज्ञानपीठ पुरस्कार उनके जीवन के अन्तिम अध्याय का स्वर्णिम क्षण सिद्ध हुआ । पुरस्कार प्राप्त कर 'दिनकर' जी अभिभूत थे क्योंकि कवि का मन अपनी रचनाओं की स्वीकृति, विशेष रूप से सुधीजनों द्वारा उनका प्रशंसित और समादृत होना, अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानता है । ज्ञानपीठ पुरस्कार के मिलने के बाद उन्होंने अप्रैल, 1974 में तिरुपति की यात्रा की । जब 'दिनकर' जी मद्रास पहुँचे तो यह एक सुखद संयोग था कि उनके सर्वाधिक स्नेही मित्र थे गंगाशरण सिंह और जयप्रकाश बाबू भी वहीं थे । उसी शाम उन्होंने मद्रास के समुद्र तट पर अपने कुछ मित्रों को अपनी सुन्दर-सुन्दर रचनाएँ सुनाईं । तब कोई नहीं जानता था कि आज 23 – 24 अप्रैल की शाम गंगा की गोद में उत्पन्न दिनकर जी के अस्ताचल जाने की शाम थी । उसी रात मद्रास में ही 'दिनकर' जी की जीवन लीला समाप्त हो गई और फिर उनका पार्थिव शरीर मद्रास से दिल्ली होकर पटना लाया गया ।
(i) दिनकर जी के लेखन पर किन-किन कवियों का प्रभाव रहा है ? I. इलियट II. रवीन्द्रनाथ ठाकुर III. मोहम्मद इकबाल IV. गंगाशरण सिंह — (A) I, III और IV (B) I, II और III (C) II, III और IV (D) I, II और IV (1)
(ii) दिनकर जी के बारे में कौन-सा तथ्य असत्य है ? (A) वे एक प्रमुख कवि थे परंतु असफल गद्य लेखक भी थे । (B) उनकी शैली प्रांजल थी तथा वे साहित्यिक निबंध लिखते थे । (C) ज्ञानपीठ पुरस्कार उनके जीवन के अंतिम अध्याय का स्वर्णिम पन्ना है । (D) बोधकथा, डायरी, संस्मरण के अतिरिक्त दिनकर जी ने इतिहास के विषय में भी लिखा है । (1)
(iii) कथन : पुरस्कार प्राप्त कर मन अभिभूत हो जाता है । कारण : पुरस्कार विद्वज्जनों द्वारा दी जाने वाली सराहना और सम्मान का प्रतीक है । (A) कथन ग़लत है और कारण भी पूरी तरह ग़लत ही है । (B) कथन सही है परंतु कारण आंशिक रूप से ही सही है । (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की उचित व्याख्या भी है । (D) कथन और कारण दोनों सही हैं, परंतु कारण, कथन की उचित व्याख्या नहीं है । (1)
(iv) दिनकर जी की रचनाशीलता की दो विशेषताएँ उदाहरण सहित लिखिए । (2)
(v) ज्ञानपीठ पुरस्कार का दिनकर जी के जीवन में क्या महत्त्व रहा ? (2)
निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर लिखिए :
संध्या ने मेघों के कितने चित्र बनाये —
हाथी, घोड़े, पेड़, आदमी, जंगल, क्या-क्या
नहीं रच दिया और कभी रंगों से क्रीड़ा
की, आकृतियाँ नहीं बनायीं । कभी चलाए
झीने से बादल जिनमें चटकीली लाली
उभर उठी थी, जिनकी आभा हरियाली पर
थिरक उठी थी । जाते-जाते क्षितिज-पटी पर
सूरज ने सोना बरसाया । छाया काली
बढ़ने लगी, रंग धीरे-धीरे फिर बदले,
पेंसिल के रेखा-चित्रों से बादल छाए ।
विविध रूप आकार बदलते से, ज्यों न्हाए
हुए प्रकाश और छाया में, अपना पद ले ।
रात उतर आयी, दिखलायी दिये सितारे,
पेड़, गाँव अस्पष्ट दिखे, मानव-दृग हारे ।
(i) संध्या के आसमान के बारे में कवि का क्या कहना है ? (A) आसमान को काले मेघों ने आच्छादित कर लिया है । (B) चारों तरफ़ रंगों और आकृतियों की भीड़ है । (C) आसमान में मेघों ने विभिन्न आकृतियाँ बनाईं । (D) पशुओं की आकृतियों को बना उनमें रंग भरा । (1)
(ii) क्षितिज-पटी का रूप बार-बार क्यों बदलता रहा ? I. प्रकाश और छाया के बदलते स्वरूप के कारण II. संध्या के सूर्य की बदलती रोशनी और रंगों के कारण III. आसमान में बादलों से बनी हाथी, घोड़े, पेड़ आदि आकृतियों के कारण — (A) केवल I और II (B) I, II और III सभी (C) केवल II और III (D) केवल I और III (1)
(iii) कथन : आसमान में छाए बादलों को कवि ने पेंसिल से बनाए रेखा-चित्र कहा है । कारण : उनमें डूबते सूर्य की लाली भर गई है । (A) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है । (B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं । (C) कथन सही है और कारण ग़लत है । (D) कथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है । (1)
(iv) काव्यांश के आधार पर संध्या के सौंदर्य का वर्णन अपने शब्दों में कीजिए । (2)
(v) काव्यांश के लिए एक उपयुक्त शीर्षक दीजिए और उस शीर्षक को चुनने का तर्क भी लिखिए । (2)
खंड 'ख' : व्यावहारिक व्याकरण
(क) मुक्तेश्वर की यात्रा में हमने हिमालय की अभिराम छवि को देखा । (मिश्र वाक्य में बदलिए)
(ख) जब अधिक बारिश होती है तब सड़कों पर पानी भर जाता है । (सरल वाक्य में बदलिए)
(ग) कल सोते समय मैंने एक सुंदर सपना देखा । (संयुक्त वाक्य में बदलिए)
(घ) रेखा दीदी ने कहा कि शोर मत मचाओ । (आश्रित उपवाक्य पहचानिए और उसका भेद भी लिखिए)
(ङ) श्री लाल बहादुर शास्त्री ने 'जय जवान, जय किसान' का नारा दिया था । (रचना की दृष्टि से वाक्य का भेद पहचानकर लिखिए)
(क) ड्राइवर ने ज़ोर से ब्रेक मारे । (कर्मवाच्य में बदलिए)
(ख) वे कबीर के आदेशों पर चलते । (भाववाच्य में बदलिए)
(ग) नवाब साहब द्वारा दृढ़ निश्चय कर खीरों को उठाया गया । (कर्तृवाच्य में बदलिए)
(घ) लेखक ने आत्मसम्मान निबाहना ही उचित समझा । (वाच्य को पहचानकर उसका भेद लिखिए)
(ङ) कर्मवाच्य और भाववाच्य में मुख्य अंतर क्या है ?
(क) उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया । (रेखांकित पद का पद-परिचय दीजिए)
(ख) मैं अक्सर बाग में घूमता हूँ । (रेखांकित पद का पद-परिचय दीजिए)
(ग) अध्यापक ने बताया कि कल अवकाश है । (रेखांकित पद का पद-परिचय दीजिए)
(घ) वह बी.ए. के अंतिम वर्ष का छात्र है । (रेखांकित पद का पद-परिचय दीजिए)
(ङ) संन्यासी को भोजन दो । (रेखांकित पद का पद-परिचय दीजिए)
(क) कोटि कुलिस सम बचनु तुम्हारा । व्यर्थ धरहु धनु बान कुठारा ॥ (रेखांकित अंश में कौन-सा अलंकार है ?)
(ख) चरण-कमल बंदौं हरि राई । (पंक्ति में प्रयुक्त अलंकार की पहचान कीजिए)
(ग) मेघ आए बड़े बन-ठन के सँवर के । (अलंकार पहचानिए)
(घ) अतिशयोक्ति अलंकार का उदाहरण दीजिए ।
(ङ) उत्प्रेक्षा अलंकार का उदाहरण कविता की पंक्तियों द्वारा समझाइए ।
खंड 'ग' : पाठ्यपुस्तक और पूरक पाठ्यपुस्तक
पठित गद्यांश को पढ़कर दिए गए प्रश्नों के सही विकल्प चुनिए :
ऊपर की तसवीर से यह नहीं माना जाए कि बालगोबिन भगत साधु थे । नहीं, बिलकुल गृहस्थ ! उनकी गृहिणी की तो मुझे याद नहीं, उनके बेटे और पतोहू को तो मैंने देखा था । थोड़ी खेती-बारी भी थी, एक अच्छा साफ़-सुथरा मकान भी था ।
किंतु, खेती-बारी करते, परिवार रखते भी, बालगोबिन भगत साधु थे – साधु की सब परिभाषाओं में खरे उतरने वाले । कबीर को 'साहब' मानते थे, उन्हीं के गीतों को गाते, उन्हीं के आदेशों पर चलते । कभी झूठ नहीं बोलते, खरा व्यवहार रखते । किसी से भी दो-टूक बात करने में संकोच नहीं करते, न किसी से खामखाह झगड़ा मोल लेते । किसी की चीज़ नहीं छूते, न बिना पूछे व्यवहार में लाते । इस नियम को कभी-कभी इतनी बारीकी तक ले जाते कि लोगों को कुतूहल होता ! – कभी वह दूसरे के खेत में शौच के लिए भी नहीं बैठते ! वह गृहस्थ थे; लेकिन उनकी सब चीज़ 'साहब' की थी । जो कुछ खेत में पैदा होता, सिर पर लादकर पहले उसे साहब के दरबार में ले जाते – जो उनके घर से चार कोस दूर पर था – एक कबीरपंथी मठ से मतलब ! वह दरबार में 'भेंट' रूप रख लिया जाकर 'प्रसाद' रूप में जो उन्हें मिलता, उसे घर लाते और उसी से गुज़र चलाते !
(i) लेखक के अनुसार बालगोबिन भगत 'बिलकुल गृहस्थ' कैसे थे ? I. उनके पास खेती-बारी थी । II. उनका एक अच्छा और साफ़-सुथरा मकान था । III. उनके परिवार में बेटे और बहू के साथ-साथ उनकी गृहिणी भी मौजूद थी । IV. वे एक पारिवारिक व्यक्ति थे । (A) I, II और III (B) II, III और IV (C) III, IV और I (D) I, II और IV
(ii) कथन : गृहस्थ होते हुए भी बालगोबिन भगत साधु थे । कारण : क्योंकि वे अपनी पारिवारिक भूमिका नहीं निभाते थे । (A) कथन सही है, परंतु कारण ग़लत है । (B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं । (C) कथन और कारण दोनों सही हैं तथा कारण, कथन की सही व्याख्या करता है । (D) कथन और कारण दोनों सही हैं, परंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं करता है ।
(iii) बालगोबिन भगत कबीर को 'साहब' मानते थे – पंक्ति का आशय है : (A) बालगोबिन भगत कबीर को बड़ा संत मानते थे । (B) बालगोबिन भगत कबीर को ईश्वर-तुल्य मानते थे । (C) बालगोबिन भगत कबीर को पिता-तुल्य मानते थे । (D) बालगोबिन भगत कबीर को समाज-सुधारक मानते थे ।
(iv) गद्यांश में वर्णित उदाहरणों में से किस उदाहरण को हम सबसे बड़ा प्रमाण बता सकते हैं, जिससे यह साबित हो कि बालगोबिन भगत कबीर को सबसे अधिक मानते थे ? (A) सुबह-शाम, खेती-किसानी के समय भी कबीर के पदों को गाते रहना । (B) कभी झूठ न बोलना और सबसे खरा व्यवहार करना । (C) दूसरे के खेत में निवृत्त होने के लिए भी न जाना और सबसे दो-टूक व्यवहार करना । (D) अपनी पूरी फ़सल को कबीर-दरबार में चढ़ाना और प्रसाद स्वरूप जो मिले उसे स्वयं के लिए लाना ।
(v) अनुच्छेद में भगत के विषय में जो जानकारियाँ हैं, उस आधार पर वे हैं : I. सत्यवादी II. स्पष्टतावादी III. सच्चे भक्त — (A) I, II और III तीनों (B) केवल III (C) केवल I और III (D) केवल II और III
(क) 'नेताजी का चश्मा' पाठ में कैप्टन को देखकर हालदार साहब को धक्का क्यों लगा ? हालदार साहब के व्यक्तित्व, पाठ के घटना-क्रम और अपने विचारों के आधार पर किन्हीं दो कारणों को लिखिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(ख) 'एक कहानी यह भी' पाठ की लेखिका के जीवन के प्रसंगों के आधार पर सोदाहरण स्पष्ट कीजिए कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में उसके बचपन की घटनाओं की बड़ी भूमिका होती है । (लगभग 25-30 शब्द)
(ग) 'बिस्मिल्ला खाँ का जीवन, प्रतिभा और परिश्रम का अनूठा सम्मिश्रण है, कैसे ?' 'नौबतखाने में इबादत' पाठ के संदर्भ में उत्तर दीजिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(घ) 'सभ्यता' और 'संस्कृति' के बीच के अंतर को 'संस्कृति' पाठ के आधार पर समझाइए । (लगभग 25-30 शब्द)
पठित काव्यांश को पढ़कर दिए गए प्रश्नों के सही विकल्प चुनिए :
मधुप गुन-गुना कर कह जाता कौन कहानी यह अपनी,
मुरझाकर गिर रहीं पत्तियाँ देखो कितनी आज घनी ।
इस गंभीर अनंत-नीलिमा में असंख्य जीवन-इतिहास
यह लो, करते ही रहते हैं अपना व्यंग्य-मलिन उपहास
तब भी कहते हो – कह डालूँ दुर्बलता अपनी बीती ।
तुम सुनकर सुख पाओगे, देखोगे – यह गागर रीती ।
किंतु कहीं ऐसा न हो कि तुम ही खाली करने वाले –
अपने को समझो, मेरा रस ले अपनी भरने वाले ।
यह विडंबना ! अरी सरलते तेरी हँसी उड़ाऊँ मैं ।
भूलें अपनी या प्रवंचना औरों की दिखलाऊँ मैं ।
(i) कवि ने इन पंक्तियों में 'मधुप' का प्रयोग किस अर्थ में किया है ? (A) संसार रूपी भ्रमर (B) मन रूपी भ्रमर (C) लोलुप मित्रगण (D) कविता के पाठक
(ii) 'मुरझाकर गिर रहीं हैं पत्तियाँ देखो' – के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं ? I. कवि के जीवन से सुख रूपी पत्तियाँ गिर रही हैं । II. संसार में जीवन नश्वर है और एक न एक दिन सबको नष्ट होना है । III. कवि के मित्र एक-एक कर साथ छोड़ते हुए जा रहे हैं । (A) केवल II सही है । (B) I, II और III तीनों सही हैं । (C) I और II सही हैं । (D) I और III सही हैं ।
(iii) कथन : कवि अपनी आत्मकथा नहीं लिखना चाहता है । कारण : महान लोगों की असंख्य आत्मकथाएँ इस साहित्य संसार में पहले से ही मौजूद है । (A) कथन सही है, परंतु कारण ग़लत है । (B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं । (C) कथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है । (D) कथन और कारण दोनों सही हैं, परंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं करता है ।
(iv) कवि ने अपने मित्रों/पाठकों से क्या-क्या सवाल किए हैं ? I. क्या तुम मेरे जीवन का खालीपन देख सुखी हो पाओगे ? II. आत्मकथाओं का व्यंग्य और उपहास उड़ाया जाता है, ऐसे में तुम क्यों चाहते हो कि मैं अपनी दुर्बलता लिखूँ ? III. क्या मेरे जीवन का सुख लेकर तुमने अपने जीवन को भर लिया है ? (A) I, II और III तीनों (B) केवल I और III (C) केवल I और II (D) केवल II और III
(v) कवि विडंबना किसे कह रहा है ? (A) इस संसार में सीधेपन का मज़ाक उड़ाया जाता है । (B) दोस्त-मित्र ही अकसर छल करते हैं । (C) सच्ची आत्मकथाओं का भी उपहास उड़ाया जाता है । (D) जीवन अपनी भूलों और दूसरों की प्रवंचनाओं का मिश्रण मात्र होता है ।
(क) 'राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद' में राम की उपस्थिति शब्दों में कम परंतु प्रभाव में अधिक है, कैसे ? दो बिंदुओं में उनके प्रभाव को स्पष्ट कीजिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(ख) 'संगतकार' का मुख्य काम क्या होता है ? क्या कविता में वर्णित 'संगतकार' अपने काम में सफल है ? सोदाहरण लिखिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(ग) 'उत्साह' कविता का कवि परिवर्तन की कामना किन कारणों से कर रहा है ? किन्हीं दो कारणों का उल्लेख कीजिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(घ) 'फ़सल' के लिए आवश्यक कारकों का उल्लेख अपने शब्दों में कीजिए । (लगभग 25-30 शब्द)
(क) 'माता का अँचल' पाठ में बच्चों का पशु-पक्षियों के प्रति कैसा व्यवहार दिखता है ? उदाहरण सहित लिखिए । पशु-पक्षियों के प्रति हमारा व्यवहार कैसा होना चाहिए ? अपने विचारों के आधार पर लिखिए । (लगभग 50-60 शब्द)
(ख) 'पत्थर तोड़ती मज़दूर पहाड़ी महिलाओं के भीतर जीवन का उल्लास मौजूद था' – यह कथन किस आधार पर कहा जा सकता है ? उन स्त्रियों और उनकी जीवन स्थितियों का वर्णन करते हुए बताइए कि आप उनसे क्या सीख सकते हैं । (लगभग 50-60 शब्द)
(ग) 'मैं क्यों लिखता हूँ' पाठ के आधार पर प्रत्यक्ष अनुभव और अनुभूति का अंतर स्पष्ट करते हुए बताइए कि अगर आप कभी लेखन के क्षेत्र में गए तो दोनों में से किसे महत्त्व देंगे और क्यों ? (लगभग 50-60 शब्द)
खंड 'घ' : रचनात्मक लेखन
निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर दिए गए संकेत-बिंदुओं के आधार पर लगभग 120 शब्दों में अनुच्छेद लिखिए : (क) डिजिटल दौर में मानवीय संपर्क [मानवीय संपर्कों और संबंधों की आवश्यकता; डिजिटल दौर में वास्तविक संबंधों में कमी और वर्चुअल संबंधों के रूप; वर्तमान समय की माँग] (ख) पारंपरिक खान-पान के लाभ [पारंपरिक खान-पान क्या है ? भोजन में स्थानीय पदार्थों का महत्त्व; स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्त्व] (ग) पुस्तकें आज भी हमारी सबसे अच्छी मित्र हैं [अच्छी पुस्तकें मित्र की तरह; वर्तमान में भी पुस्तकों की जगह बची है; उम्र के हर मोड़ पर अलग पुस्तकें मददगार]
(क) आप हिमानी/हेमराज हैं । आपके माता-पिता आपकी मोबाइल-गेमिंग की आदतों से परेशान होकर आपको बोर्डिंग स्कूल भेजना चाहते हैं । अपने पिता को लगभग 100 शब्दों में पत्र लिखकर ऐसा न करने का अनुरोध कीजिए और स्वयं में सुधार के उपाय बताइए ।
(ख) अथवा – नगर-निगम ने आपके मोहल्ले के पार्क का सौंदर्यीकरण कर बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था की है । नगर-निगम अध्यक्ष को लगभग 100 शब्दों में धन्यवाद पत्र लिखिए ।
(क) आप अमन/आमना हैं । आपने पटना मेडिकल कॉलेज से एम.बी.बी.एस. किया है । वहीं इंटर्न डॉक्टर पद हेतु लगभग 80 शब्दों में अपना स्ववृत्त तैयार कीजिए ।
(ख) अथवा – अ.ब.स. बैंक के प्रबंधक को लगभग 80 शब्दों में ई-मेल लिखकर एक शहर से दूसरे शहर में बचत खाता स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जानने का अनुरोध कीजिए ।
(क) आपकी बहन ने 'दियारा' नाम से पॉल्ट्री (मुर्गीपालन) व्यवसाय ऑनलाइन और ऑफ़लाइन शुरू किया है । इसके लिए लगभग 40 शब्दों में एक विज्ञापन तैयार कीजिए ।
(ख) अथवा – आप सोमा/सोमप्रभ हैं । अपने मामा-मामी को नए घर के गृहप्रवेश पर लगभग 40 शब्दों में शुभकामना संदेश लिखिए ।
Solutions: CBSE 2025 · 3/1/1
(i) (B) I, II और III ।
(ii) (A) वे एक प्रमुख कवि थे परंतु असफल गद्य लेखक भी थे । (गद्यांश के अनुसार वे सफल और प्रभावपूर्ण गद्य लेखक थे ।)
(iii) (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की उचित व्याख्या भी है ।
(iv) (1) कविता और गद्य दोनों पर समान अधिकार – वे प्रमुख कवि होने के साथ सफल गद्य लेखक भी थे; उन्होंने निबंध, बोधकथा, डायरी-संस्मरण और दर्शन-इतिहास पर विवेचन लिखे । (2) सरल, प्रांजल भाषा और नई भंगिमा – रवीन्द्रनाथ, इकबाल और इलियट के प्रभाव से उनकी कविताओं ने नई भंगिमा ग्रहण की; गद्य में सीधी-सरल भाषा और प्रांजल शैली है ।
(v) ज्ञानपीठ पुरस्कार उनके जीवन के अंतिम अध्याय का स्वर्णिम क्षण सिद्ध हुआ । यह उनके साहित्यिक योगदान की उच्चतम स्वीकृति और सुधीजनों द्वारा प्रशंसा-सम्मान का प्रमाण था; इससे वे अभिभूत और प्रफुल्लित हुए और उन्हें गौरव तथा संतोष का अनुभव हुआ ।
जब हमने मुक्तेश्वर की यात्रा की, तब हिमालय की अभिराम छवि को देखा ।
कल मैं सोया/सोई और मैंने एक सुंदर सपना देखा ।
सरल वाक्य – इसमें एक ही उद्देश्य और एक ही मुख्य क्रिया ('दिया था') है ।
उनसे (उनके द्वारा) कबीर के आदेशों पर चला जाता ।
कर्तृवाच्य – कर्ता 'लेखक' प्रधान है ।
उन्हें – सर्वनाम, पुरुषवाचक (अन्य पुरुष), पुल्लिंग/स्त्रीलिंग, बहुवचन (आदरसूचक), कर्म कारक ।
कि – अव्यय, समुच्चयबोधक, व्यधिकरण, दो वाक्यों को जोड़ने वाला ।
संन्यासी – संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, संप्रदान कारक ।
रूपक अलंकार – चरणों पर कमल का अभेद आरोप है ।
एक साथ रघु ने पैरों से चाँपा अविकल, पितृ-दत्त सिंहासन और सकल अरिमंडल । (अथवा – 'हनुमान की पूँछ में लगन न पाई आग, लंका सिगरी जल गई गए निसाचर भाग ।')
(i) (D) I, II और IV ।
(ii) (A) कथन सही है, परंतु कारण ग़लत है । (वे पारिवारिक भूमिका निभाते थे; साधु इसलिए थे कि उनका आचरण साधुओं जैसा था ।)
(iii) (B) बालगोबिन भगत कबीर को ईश्वर-तुल्य मानते थे ।
(iv) (D) अपनी पूरी फ़सल को कबीर-दरबार में चढ़ाना और प्रसाद स्वरूप जो मिले उसे स्वयं के लिए लाना ।
(v) (A) I, II और III तीनों ।
(पाठ : 'बालगोबिन भगत', रामवृक्ष बेनीपुरी)
(1) पिता द्वारा गोरी-स्वस्थ बड़ी बहन सुशीला से तुलना किए जाने के कारण लेखिका के मन में ऐसी हीन-भावना बैठ गई कि यश पाने के बाद भी वह दूर न हुई । (2) माँ के दब्बू और असहाय व्यक्तित्व को देखकर उन्होंने उनके जैसा न बनने का निश्चय किया; वहीं पिता द्वारा देश की स्थितियों पर चर्चा में शामिल करने और रसोई से दूर रखकर पढ़ने के लिए प्रेरित करने से उनमें जागरूकता और स्वतंत्र व्यक्तित्व बना ।
संस्कृति – व्यक्ति की वह योग्यता, प्रवृत्ति या प्रेरणा जिसके बल पर वह आविष्कार करता है, त्याग और परोपकार करता है (जैसे आग या सुई-धागे का आविष्कार करने वाली बुद्धि) । सभ्यता – संस्कृति का परिणाम; संस्कृति द्वारा किए गए आविष्कार और उनसे बनी वस्तुएँ, रहन-सहन और खान-पान के तरीके ।
(1) राम का मृदु, शांत और शीतल व्यक्तित्व परशुराम के क्रोध को शांत करता है; वे थोड़े, विनम्र शब्दों में स्वयं को परशुराम का दास बताकर क्रोध की आग पर जल का काम करते हैं । (2) साहस के साथ उनकी विनयशीलता का प्रभाव अधिक पड़ता है – लक्ष्मण के उग्र वचनों के बीच राम का संकेत और संयम ही स्थिति को बिगड़ने से बचाता है ।
(1) शोषित-पीड़ित जनता के कल्याण के लिए – जैसे बादल ताप से व्याकुल धरती को शीतल करते हैं, वैसे ही कवि दुखी जन की पीड़ा दूर करना चाहता है । (2) नवनिर्माण के लिए – समाज की पुरानी, जड़ व्यवस्था को बदलकर नई चेतना और नया जीवन लाने के लिए कवि बादलों से गरजने और क्रांति लाने का आह्वान करता है ।
व्यवहार – बच्चे पशु-पक्षियों को खेल का सामान समझते थे और अनजाने में निर्दयी व्यवहार करते थे; वे उनके पीछे भागते और उन्हें पकड़ने की कोशिश करते थे । उदाहरण – खेत में चिड़ियों और तितलियों के पीछे भागना; चूहों के बिल में पानी डालना (जिससे उसमें से साँप निकल आया) ।
हमारा व्यवहार – पशु-पक्षियों के प्रति करुणा और सहानुभूति रखनी चाहिए; उन्हें सताना नहीं चाहिए, बल्कि उनके लिए दाना-पानी रखना और उनके आवास की रक्षा करनी चाहिए, क्योंकि वे भी प्रकृति के अंग हैं ।
प्रत्यक्ष अनुभव – जिसे हमने स्वयं घटित होते हुए देखा या भोगा हो (जैसे अज्ञेय ने हिरोशिमा जाकर जली हुई जगह देखी) । अनुभूति – जो घटना हमारे अनुभव में न हो, पर आंतरिक स्तर पर उसे हमने उसी तरह महसूस किया हो (जैसे पत्थर पर मनुष्य की छाया देखकर अज्ञेय ने विस्फोट की पीड़ा को भीतर से अनुभव किया) । अज्ञेय के अनुसार अनुभूति अनुभव से अधिक गहरी होती है ।
मेरा मत – यदि मैं लेखन के क्षेत्र में गया तो अनुभूति को अधिक महत्त्व दूँगा, क्योंकि वही रचना को सच्ची संवेदना और गहराई देती है और लेखक को लिखने के लिए विवश करती है । (अनुभव आधारित लेखन को प्रामाणिक मानने का तर्कपूर्ण उत्तर भी स्वीकार्य ।)
छात्रावास, ज्ञानदीप विद्यालय
भोपाल
दिनांक : 5 मार्च 20XX
आदरणीय पिताजी,
सादर चरण-स्पर्श ।
माँ से पता चला कि आप मुझे मोबाइल-गेमिंग की आदत के कारण बोर्डिंग स्कूल भेजने का विचार कर रहे हैं । मैं मानता/मानती हूँ कि मैंने मोबाइल पर बहुत समय गँवाया और आपको दुख पहुँचाया । इसके लिए मैं क्षमा माँगता/माँगती हूँ ।
कृपया मुझे घर से दूर न भेजें । मैं सुधार का वचन देता/देती हूँ – अब मैं दिन में केवल आधा घंटा, वह भी पढ़ाई का काम पूरा होने के बाद, मोबाइल लूँगा/लूँगी; मोबाइल रात को आपके पास रहेगा; शाम को खेल के मैदान जाऊँगा/जाऊँगी और पढ़ाई की समय-सारणी बनाकर उसका पालन करूँगा/करूँगी ।
मुझे एक अवसर अवश्य दें, मैं आपको निराश नहीं करूँगा/करूँगी ।
आपका आज्ञाकारी पुत्र/पुत्री
हेमराज/हिमानी
स्ववृत्त
नाम : डॉ. अमन/आमना कुमार
पिता का नाम : श्री राजेश कुमार
जन्म-तिथि : 10 जनवरी 20XX
पता : 12, बोरिंग रोड, पटना (बिहार)
मोबाइल : 98XXXXXX45 · ई-मेल : aman.k@xyz.com
शैक्षणिक योग्यता
एम.बी.बी.एस. – पटना मेडिकल कॉलेज, 72%
बारहवीं (सीबीएसई, विज्ञान) – 94%
दसवीं (सीबीएसई) – 95%
अनुभव : ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों में 3 माह कार्य
उपलब्धियाँ : शरीर-रचना विज्ञान में स्वर्ण पदक; राष्ट्रीय मेडिकल क्विज़ में द्वितीय
कौशल : आपातकालीन चिकित्सा, कंप्यूटर
भाषाएँ : हिंदी, अंग्रेज़ी, भोजपुरी
घोषणा : उपर्युक्त सभी जानकारी सत्य है ।
अमन/आमना
'दियारा' पॉल्ट्री फ़ार्म
ताज़गी और सेहत की गारंटी !
✔ ताज़े अंडे और स्वस्थ चिकन
✔ स्वच्छ, प्राकृतिक दाने पर पालन
✔ ऑनलाइन ऑर्डर – घर पहुँच सेवा
शुभारंभ ऑफ़र : दर्जन अंडों पर 2 अंडे मुफ़्त !
पता : दियारा फ़ार्म, सोनपुर रोड, पटना · ऑर्डर : 98XXXXXX33 · www.diyara.in
Get every solution for all 2 papers
- Every board question of every chapter, each fully solved the way the board gives marks
- 2 complete board papers, each followed by its solutions
- Weightage and most-asked topics for every chapter
- Instant PDF download, colour and black & white print copies
Revising the chapter first? Complete Hindi (Course A) Notes for Class 10 (Kshitij 2 + Kritika 2, CBSE 2026-27) →
What you get in the pack
- CBSE Class 10 Hindi Course A board papers 2025 to 2026 (2 full board papers)
- All 24 chapters and 2 board papers complete
- Part A: all 24 chapters, questions sorted chapter-wise and by marks
- Year-wise weightage table and most-asked topics for every chapter
- Part B: each full board paper followed by its complete solutions
- Answers in Hindi on the board's marking-scheme points; model writing tasks
- Only the current syllabus in Part A
All chapters in this pack
- PYQ Ch 1 Surdas: Pad
- PYQ Ch 2 Tulsidas: Ram-Lakshman-Parshuram Samvad
- PYQ Ch 3 Jaishankar Prasad: Aatmkathya
- PYQ Ch 4 Nirala: Utsah, Att Nahi Rahi Hai
- PYQ Ch 5 Nagarjun: Yah Danturit Muskan, Fasal
- PYQ Ch 6 Manglesh Dabral: Sangatkar
- PYQ Ch 7 Netaji ka Chashma
- PYQ Ch 8 Balgobin Bhagat
- PYQ Ch 9 Lakhnavi Andaz
- PYQ Ch 10 Ek Kahani Yah Bhi
- PYQ Ch 11 Naubatkhane mein Ibadat
- PYQ Ch 12 Sanskriti
- PYQ Ch 13 Mata ka Anchal
- PYQ Ch 14 Sana-Sana Hath Jodi
- PYQ Ch 15 Main Kyon Likhta Hoon
- PYQ Ch 16 Rachna ke Aadhar par Vakya Bhed
- PYQ Ch 17 Vachya
- PYQ Ch 18 Pad Parichay
- PYQ Ch 19 Alankar
- PYQ Ch 20 Anuchchhed Lekhan
- PYQ Ch 21 Patra Lekhan
- PYQ Ch 22 E-mail aur Svavritt Lekhan
- PYQ Ch 23 Vigyapan aur Sandesh Lekhan
- PYQ Ch 24 Apathit Gadyansh aur Kavyansh
- Board Paper 2026 Set 3-1-1 with Solutions
- Board Paper 2025 Set 3-1-1 with Solutions
